2025 Black, White & Gray – Love Kills Review in Hindi

भूमिका

सोनी लिव पर रिलीज़, डाक्यूमेंट्री प्रारूप में प्रस्तुत, Black, White & Gray – Love Kills एक क्राइम थ्रिलर ड्रामा सीरीज है, जो नागपुर शहर में हो रही सीरियल हत्याओं की पृष्ठभूमि पर आधारित, लगभग 40-45 मिनट के छह एपिसोड में, पत्रकार डेनियल ग्रे द्वारा एक रहस्यमय युवक से जुड़ी हत्याओं की जांच से संबंधित है ।

यूँ तो पहले भी डॉक्यूमेंट्री द्वारा विभिन्न घटनाओं से संबंधित वेब सीरी़ज बनी हैं और पसंद भी की गई हैं, लेकिन इस सीरी़ज में एक ही घटना के दो पहलू, एक समाज में प्रचलित और दूसरा अपराधी व्यक्ति द्वारा बताए गए घटनाक्रम से संबंधित है। यानी किसी भी घटना का सच एक ही है , पर उसे इस प्रकार सामने लाया गया है कि सच क्या है और झूठ क्या, यह समझ नहीं आता। असली किरदारों’ और उन्हें निभाने वाले अभिनेताओं के बीच की कड़ी को बहुत सहजता से सामने लाया गया है। पत्रकार ग्रे जब गहराई से सीरियल हत्याओं की वज़ह जानने की कोशिश करते हैं, तो वह राजनीति पुलिस अपराधी की तिकड़ी द्वारा किये जा रहे भ्रष्टाचार और सामाजिक अन्याय को उजागर करते दिखाई देते हैं।

कहानी

एक प्रभावशाली राजनैतिज्ञ की लड़की (पलक जायसवाल) और उनके ड्राईवर के इंजीनियरिंग छात्र पुत्र (मयूर मोरे) के बीच किशोरवास्था के स्वभाविक प्रेम के कारण उपजे खतरे की वज़ह से वे घर से दूर भागते हैं और इस भाग दौड़ के बीच उनसे मिलने वाले एक मलयाली कैब ड्राइवर (हक्किम शाहजहाँ), एक पूर्व पुलिस अधिकारी (तिग्मांशु धूलिया), जिसे अपनी दृष्टि से परेशानी है, के साथ एक बच्चे की एक्सीडेंट में मौत हो जाती है। इन सभी हत्याओं का अपराधी उस लड़के को माना जाता है क्योंकि पुलिस की निगाह में ,उस लड़की की भी हत्त्या हो चुकी है और इस लड़की को मिलाकर, लड़के मयूर मोरे पर चार हत्त्या के आरोप हैं। लेकिन जैसे ही पिता को लड़की के जीवित होने का पता चलता है तो वह अपनी राजनैतिक पहचान को बचाय रखने के लिए, उन दोनों को समाप्त करने के लिए, ऑन-ड्यूटी पुलिस अधिकारी (कमलेश सावंत) और अपने गुर्गे (देवेन भोजानी) की सेवाऐं लेता है।

Black, White & Gray - Love Kills

तब सीरियल किलिंग के इस हाई-प्रोफाइल मामले में ,हम एक ऐसी दुनिया से रूबरू होते हैं, जहाँ प्यार जानलेवा हो सकता है और ऐसी परिस्तिथि मे सच को सामने लाना बहुत अधिक मुश्किल काम हो जाता है।

अभिनय

मयूर मोरे को हमने पहले भी क्राइम पेट्रोल के विभिन्न एपिसोड में देखा है। उनके बोलने का विशिष्ट अंदाज़, उनके किरदार को अलग ही स्तर प्रदान करता है।मृदुभाषी इंजीनियरिंग छात्र से संदिग्ध व्यक्ति के रूप में परिवर्तन को मयूर मोरे ने प्रभावशाली अंदाज़ में अभिनीत किया है। वह अपने उत्कृष्ट अभिनय से एक युवा के मनोभाव ,स्वभाविक कमजोरी और संयम को अच्छे से प्रदर्शित करते हैं।

पलक जायसवाल एक शक्तिशाली राजनेता की बेटी के रूप में स्वभाविक लगी हैं। घर में उपेक्षित और प्यार को तरसती युवती,जो अपनी शारिरिक / मानसिक आवश्यकता को पूर्ण करने के लिए किसी भी सामाजिक बंधन या वर्जना को तोड़ने के लिए तत्पर है, के रूप में उन्होंने बढ़िया अभिनय किया है। ख़ास कर एक्शन दृश्य में उन्होंने गज़ब का अभिनय किया है।

देवेन भोजानी ने अपनी हास्य अभिनेता की इमेज से इतर शातिर हत्यारे की भूमिका में शानदार अभिनय किया है। कमलेश सावंत, पुलिस की अपनी जानी पहचानी भूमिका में हमेशा की तरह विश्वसनीय लगे हैं।अपनी नज़र से परेशान पुलिस अधिकारी के रूप में तिग्मांशु धूलिया का शानदार अभिनय हमें एक बार फिर याद दिलाता है कि उन्हें अपनी इस अभिनय क्षमता के और रूप भी दर्शाने चाहिए।

IMDB रेटिंग / विशेषता

Black, White & Gray – Love Kills की imdb रेटिंग 8.3/10 है। मूवी का उद्देश्य केवल मनोरंजन करना ही नहीं है; बल्कि दर्शकों को यह सोचने के लिए मजबूर करना भी है कि सच के साथ कैसे छेड़ छाड़ की जाती है।शुरु में लड़का लड़की के बीच चल रही युवा भावनाओं का स्वर तब बदल जाता है जब कथित तौर पर,लड़की की हत्या हो जाती है और तब हम इस कहानी की वास्तविकता का सामना करते हैं।डाक्यूमेंट्री प्रारूप में विभिन्न असली और उन पात्रों का अभिनय करने वाले अभिनेताओं के माध्यम से यह सीरी़ज दर्शाती है कि सत्य की खोज कितनी जटिल और क्रूर हो सकती है। सीरी़ज दर्शकों को,कल्पना और वास्तविकता के एक रोमांचक सफ़र पर ले जा कर सत्य जानने की चुनौती देती है।’असली लड़का’ संजय कुमार साहू के भावों के सूक्ष्म से सूक्ष्म बदलाव को भी कैमरे द्वारा इस खूबसूरती से कैद किया गया है कि उसकी भाव भंगिमा हमें उन पंक्तियों से कहीं अधिक बताती हैं, जो वह कह रहा है।

कमियाँ

असली पात्रों से इंटरव्यू करते समय, श्री ग्रे अंग्रेजी में सवाल करते हैं, क्या ही अच्छा होता कि प्रश्न और उत्तर एक ही भाषा में होते।
यूँ तो पूरी सीरी़ज Black, White & Gray – Love Kills तेज गति से चलती है लेकिन कहीं कहीं गति थोड़ी धीरी हो जाती है साथ ही कुछ चरित्रों को और अधिक स्पष्टता से प्रस्तुत किया जा सकता था।
मयूर मोरे के केश,असली लड़के, संजय कुमार साहू के केश विन्यास से अलग क्यों दिखाये गए हैं, पता नहीं।

संक्षेप

विशिष्ट शैली की इस film को एक बार अवश्य देखना चाहिए क्योंकि Black, White & Gray – Love Kills एक मनोरंजक फिल्म के साथ यह सोचने पर मजबूर करती है कि सच की तलाश आसान नहीं होती। सत्य कभी भी पूर्ण काला या पूरा सफेद नहीं होता है – अधिक बार, यह ग्रे रंगों में ही रहता है।फ़िल्म के अंत में, डैनियल ग्रे निष्कर्ष भी निकालते हैं कि , “दुनिया काली और सफेद नहीं है; हम सभी ग्रे रंगों में रहते हैं।”

Other Reviews

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top