The Housemaid Movie Review in Hindi

भूमिका

मार्च 2026 में, अमेज़ॉन प्राइम पर हिंदी भाषा में रिलीज़’ The Housemaid” अंग्रेजी भाषा की पॉल फीग द्वारा निर्देशित मनोवैज्ञानिक रहस्यमयी थ्रिलर फ़िल्म है, जो वर्ष 2025 में सिनेमा घरों में प्रदर्शित की गई थी. फ़िल्म फ्रीडा मैकफेडन के उपन्यास पर आधारित है। फ़िल्म में मुख्य भूमिका सिडनी स्वीनी, अमांडा सेफ्राइड और ब्रैडन स्केलेनार ने निभाई है.

कहानी

मिली कैलोवे (सिडनी स्वेनी) नामक युवती घरेलू नौकरानी के जॉब के लिए नीना विनचेस्टर (अमांडा सेफ़्राइड) से मिलती है, जिसे अपने घर में, घरेलू काम के लिए एक घरेलू नौकरानी चाहिए. घर में कुल तीन सदस्य हैं, नीना, उसका अमीर पति एंड्रयू (ब्रैंडन स्केनार)और बेटी सीसी (इंडियाना एले). मिली इस अमीर परिवार के घर में रहने वाली नौकरानी बन जाती है , जिसे घर के अंदर अटारी में एक कमरा दिया जाता है, जिसे केवल बाहर से बंद किया जा सकता है.

घर में रहने के दौरान, मिली को अक्सर नीना के दुर्व्यव्हार का सामना करना पड़ता है ,जिस कारण ,नीना का पति मिली से सहानुभूति दर्शाता है. इसी दौरान मिली को यह भी पता चलता है कि नीना मानसिक असंतुलन का शिकार है ,जो एक बार अपनी बेटी को पानी में डुबोकर मारने की कोशिश और जरूरत से ज्यादा दवा लेकर आत्महत्या की कोशिश कर चुकी है.

नीना से परेशान और एंड्रयू के सहानुभूतिपूर्ण रवैये से प्रभावित मिली, एंड्रयू के करीब हो जाती है. नीना इन नज़दीकियों को लेकर जब अपने पति से बहस करते हुए, उसे बताती है कि मिली का एक दागदार अतीत है, जिसमें उस पर किसी की हत्त्या का आरोप सिद्ध हुआ है और वह इस समय परोल पर बाहर है, तब भी एंड्रयू, मिली के साथ ही रहना चाहता है और वह नीना को घर से निकाल देता है.

एंड्रयू के साथ अकेले रहने पर, एक दिन एंड्रयू उसे, उसी के अटारी वाले कमरे में बंद कर देता है तब मिली को पता चलता है कि एंड्रयू एक क्रूर, अविवेकी, निर्लज्ज असंतुलित दिमाग का अमीर व्यक्ति है, जिसने इसी प्रकार न जाने कितनी लड़कियों का जीवन खराब किया है.

मिली इस झमेले से किस तरह निकलती है, नीना का इस षड्यंत्र में क्या रोल था और क्या वे दोनों एंड्रयू के चंगुल से किसी प्रकार निकल पाती हैं या नहीं. यह देखने के लिए इस रोमांचक फ़िल्म को देखना पड़ेगा.

The Housemaid movie review in hindi

अभिनय

घरेलू नौकरानी मिली कैलोवे के रोल में सिडनी स्वेनी , अमीर मालकिन नीना विनचेस्टर के रूप में अमांडा सेफ़्राइड, उसके अमीर पति एंड्रयू के रोल में ब्रैंडन स्केनार और बेटी सीसी के रोल में इंडियाना एले, सभी मुख्य पात्रों ने सजीव उत्क्रष्ट् अभिनय किया है.
अन्य सहायक पात्रों में एंड्रयू की दबंग माँ एवलिन के रोल में एलिजाबेथ पर्किन्स और माली एन्ज़ो के रोल में मिशेल मोरोन ने अपने पात्रों को सहजता से जिया है .

क्यों देखें

यदि आप ट्विस्ट् और टर्न से भरपूर मनोवैज्ञानिक थ्रिलर फ़िल्म के शौकीन हैं तो फिल्म आपको निराश नहीं करती. फिल्म की तेज गति और समय समय पर आते रोमांचक मोड़ आपको अपनी कुर्सी से हिलने नहीं देते. एंड्रयू का शानदार घर,उसके रहस्यपूर्ण आचरण से मैच करता है. फिल्म एक स्पष्ट संदेश देती है कि कभी किसी पर आर्थिक रूप में इतना निर्भर न रहें कि विषाक्त होते रिश्ते से बाहर निकल पाना मुश्किल हो .

कमजोरी

फिल्म मे, मिली का एक “अतीत” है , जो एक बलात्कारी सहपाठी की हत्या के जुर्म से संबंधित है. इस जुर्म के लिए उसने दस साल जेल में बिताए थे . अपनी ही सहपाठी छात्रा के बचाव मे, मिली द्वारा उठाऐ गए, इस अति हिंसक कृत्य के लिए उसे, उस लड़की ने क्यों नहीं बचाया जिसकी वह मदद कर रही थी या अन्य लोग क्यों नहीं मिली के साथ आये. स्पष्ट नहीं है. एंड्रयू यूँ तो खुश मिज़ाज़, मिलनसार, हर दिलअज़ीज़ व्यक्ति है पर उसके चरित्र का अकस्मात् बदल कर, असंतुलित, हिंसक व्यवहार हो जाना किस कारण है, इसे स्पष्ट नहीं किया गया है. अटारी मे महिला को बंद कर, केवल पानी के सहारे, बिना भोजन के रहना अटपटा लगता है.
नीना की सास और घर के माली के चरित्र को और विस्तार देना चाहिए था.

निष्कर्ष

अगर आप एक बेहतरीन रहस्य रोमांच से भरपूर थ्रिलर मूवी को देखना चाहते हैं तो इस मूवी को देखने के लिए लगभग दो घण्टे का समय देना आपको निराश नहीं करेगा. दिलचस्प कहानी में ,अश्लीलता से लगभग बचते हुए, कलाकारों के सजीव अभिनय के लिए फिल्म को देखा जा सकता है .

More Reviews

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *